नीमच | 19 फरवरी 2026 जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। खनिज विभाग की टीम ने जावद और सिंगोली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त चार डम्परों सहित एक जेसीबी मशीन को जप्त किया है।

जावद और सिंगोली क्षेत्र में घेराबंदी
खनिज अधिकारी गजेन्द्र सिंह डाबर ने बताया कि खनिज निरीक्षक सुनील जाधव और उनकी टीम लगातार क्षेत्र में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की निगरानी कर रही थी। इसी कड़ी में टीम ने जावद क्षेत्र के दामोदरपुरा, केसरपुरा और सिंगोली क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खनिज मिट्टी, एम-सैंड और गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
जप्त किए गए वाहनों का विवरण
प्रशासन ने कुल 5 वाहनों को मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत जप्त किया है। जप्त किए गए वाहनों की सूची इस प्रकार है:
डम्पर (RJ 06 GB 8742)
डम्पर (RJ 09 GE 8906)
वाहन (MP 21 H 1914)
ट्रेलर (RJ 09 GD 2255)
जेसीबी (RJ 32 EA 0876)
सुरक्षार्थ पुलिस अभिरक्षा में वाहन
जप्त किए गए इन सभी वाहनों को नयागांव चौकी और सिंगोली थाने की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। आगामी आदेश तक ये वाहन पुलिस की निगरानी में रहेंगे। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन रोकने के लिए इस तरह की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।